स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 ककराडीह में एक युवक द्वारा आवास जांच के नाम पर पैसे वसूलने की सूचना पाते ही विभिन्न वार्डो के सभासद आक्रोशित हो उठे। मौके पर पहुंच कर युवक को जांच के लिए अधिशासी अधिकारी के समक्ष पेश किया। एक घंटे की जांच पड़ताल के बाद ईओ मुकेश कुमार चौधरी ने पकड़े गए युवक को डूडा का कर्मचारी पाया जिसके बाद इसे छोड दिया गया।
दीपक कुमार नामक युवक ककराडीह वार्ड नंबर 11 में डुडा कार्यालय के निर्देश के बाद प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों की जांच पड़ताल कर रहा था। तभी किसी लाभार्थी ने फर्जी तरीके से आवास की जांच के नाम पर पैसा वसूलने की बात कहते हुए सभासद को सूचना दे दिया। इससे क्षुब्ध सभासद की टीम ककराडीह पहुंच कर जांच कर रहे युवक से पूछताछ किया लेकिन स्थिति स्पष्ट न हो सकी। जिसके बाद युवक को नगर पंचायत कार्यालय लेकर आए। ईओ मुकेश कुमार चौधरी के समक्ष प्रस्तुत किया। इस मामले की एक घंटे तक जांच पड़ताल के बाद युवक डूडा का कर्मचारी साबित हुआ। जिसे छोड़ते हुए अधिशासी अधिकारी ने पैसा लेने की बात को अफवाह बताया। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि शंकर मद्धेशिया, विनोद कुमार, राजेश कुमार यादव, चुन्नू पासवान, महेंद्र शर्मा, आलोक मल्ल, प्रविंद मल्ल आदि रहे।