कोपागंज। क्षेत्र के देवकली विशुनपुर को जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति बारिश के इस मौसम में इतनी बत्तर हो गई है, जबकि यह सड़क मात्र एक वर्ष पूर्व बनी थी। सड़क टूटने से ग्रामीणों को आवागमन में तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने रास्ते पर खड़ा होकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कोपागंज विकास खंड के ग्राम पंचायत देवकली विशुनपुर को जाने वाली मार्ग की स्थिति इस समय बहुत ही खराब हो गई है। जबकि उक्त मार्ग से ग्रामीणों के अलावा अन्य बाहरी लोगों के साथ साथ प्रतिदिन गांव के छात्रों का स्कूल आना जाना रहता है। कीचड़, गंदगी से आए दिन छात्रों का स्कूली ड्रेस खराब हो जाता है। मार्ग के मरम्मत के लिए जुलाई वर्ष 2016 में दो लाख रुपये खर्च कर दिया गया। इसके बाद भी सड़क की स्थिति दयनीय बनी हुई है। सड़क निर्माण नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में पीयूष राय, अमीरचंद, आकाश, अमित, हर्ष, प्रकाश, कुशाग्र, किरण आदि शामिल रहे।