मऊ। जिले में 15 अक्तूबर को आयोजित होने वाली टीईटी परीक्षा की तैयारी शनिवार को पूरी हो गई। रविवार को कड़ी सुरक्षा बीच आयोजित होने वाली दो पालियों परीक्षा में 17001 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्रों एक पर्यवेक्षक और एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जबकि दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तथा तीन सचल दस्ते नकलचियों पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। छात्रों की संख्या ज्यादा होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की तैनाती की जाएगी। इसमें खास तौर से बस और रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा कर्मचारियों को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
रविवार को आयोजित होने वाली टीईटी परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12.30 बजे तक प्राथमिक वर्ग की परीक्षा 10 केंद्रों पर होगी। जिसमें 6933 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जबकि दूसरी पाली अपराह्न ढाई बजे से पांच बजे तक उच्च प्राथमिक वर्ग परीक्षा 14 केंद्रों पर होगी। जिसमें 10068 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन की तरफ से प्रत्येक केंद्र पर एक मजिस्ट्रेट तथा शिक्षा विभाग से एक पर्यवेक्षक को नामित किया गया है। इसके साथ ही दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तथा चार जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्य के नेतृत्व में चार सदस्यीय तीन सचल दस्ता नकलचियों पर नजर रखेगा। प्रश्नपत्र तथा उत्तरपत्रक को परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पूर्व पर्यवेक्षक, केंद्र व्यवस्थापक तथा दो कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति में खोला जाएगा। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पूर्व कक्ष निरीक्षकों को उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा संपन्न होने के बाद अधिकारी उत्तरपत्रक को सील करवाकर कोषागार के डबल लाक में जमा कराएंगे। इसके साथ ही भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की तरफ से भीड़ के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सभी उपाय किए गए हैं।
परीक्षा संबंधी निर्देश
- नकल करते पकड़े जाने पर अभ्यर्थी की परीक्षा निरस्त करने के साथ ही आगामी टीईटी से वंचित कर दिया जाएगा।
- परीक्षा कक्ष में मोबाइल, कैलकुलेटर सहित इलेक्ट्रानिक उपकरणों को लाना वर्जित है।
- अभ्यर्थी इंटरनेट से अपलोड प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र, बीटीसी, बीएड का मूल अंक प्रमाण पत्र या संस्था से प्रमाणित छाया प्रतिलिपि , काले रंग की बालपेन लाएं।