मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र में शनिवार को 128 तालाबों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी होनी थी, लेकिन 126 तालाबों का ही आवंटन हो सका। विभिन्न गांवों में इन तालाबों की बोली कराकर आवंटन किया गया, जबकि दो तालाबों का आवंटन नहीं हो सका।
तहसील क्षेत्र में 128 तालाबों के आवंटन के लिए 20 अगस्त को बोली शिविर आयोजित किया गया था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदनकर्ताओं को बुलाकर बोली कराई गई। आपत्ति आने और कुछ तालाबों का आवंटन नहीं हो पाने के कारण 22 अगस्त को भी बोली कराई गई थी। शेष तालाबों के लिए 12 सितंबर को अंतिम अवसर निर्धारित किया गया था।
शनिवार को तहसील प्रशासन ने कमालपुर, कोलौरा, अन्नूपार, सलाउद्दीनपुर, सिगाड़ी, पलिया और देवखरी सहित विभिन्न गांवों के तालाबों की बोली कराकर 126 का आवंटन पूरा कर लिया।
दो तालाब दो हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल के होने के कारण शेष रह गए। इन तालाबों के आवंटन से जुड़ी देवसीपुर मत्स्यजीवी सहकारी समिति लिमिटेड के गठन की ग्राम प्रधानों ने शिकायत की है। आरोप है कि समिति के गठन में कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।
मामले की जांच सहायक निदेशक मत्स्य के स्तर से की जा रही है। समिति की पात्रता और गठन से संबंधित जांच पूरी नहीं होने के कारण उसे दोनों तालाबों की बोली में शामिल नहीं किया गया। तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में बोली और आवंटन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। संवाद