मऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए अधिकारी कार्ययोजना बनाने में लगे हैं।
परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र भेजे जाने के बाद रात में भी परीक्षा केंद्रों की मानीटरिंग करने के लिए 17 सचल दस्ता गठित किया गया है। सचल दस्ता रात में भ्रमण करके परीक्षा केंद्रों के बारे में जानकारी लेगा। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होगी, लेकिन परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए तैयारी अंतिम दौर में चल रही है। जिले में 135 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल की परीक्षा में 39259, इंटर में 40463 सहित 79722 परीक्षार्थी शमिल होंगे। जिले को 23 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में मजिस्ट्रेट और प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
संकलन केंद्र से बोर्ड प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्र भेजे जाने के बाद परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रुम की 24 घंटे ऑनलाइन मानीटरिंग की जा रही है। सेक्टर, जोनल और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा रात में भी 17 राजकीय माध्यमिक विद्यालयाें के प्रधानाचार्यों के नेतृत्व में सचल दस्ता की तैनाती की गई है, जो रात में भ्रमण करके परीक्षा केंद्रों के बारे में जानकारी लेंगे। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह का कहना है कि जिलास्तरीय कंट्रोल रुम से परीक्षा केंद्रों की 24 घंटे ऑनलाइन मानीटरिंग की जा रही है। रात में मानीटरिंग करने के लिए 17 सचल दस्ता की तैनाती कर दी गई है।