रानीपुर। ब्लाक मुख्यालय के खुरहट-भटौली मोड़ से अमारी गांव जाने वाला मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। विभागीय उदासीनता और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण वर्षों पूर्व बने इस सड़क की हालत काफी जर्जर हो गई है। मार्ग पर बने गड्ढों से आवागमन में परेशानी हो रही है। शिकायतों के बाद भी सड़क का मरम्मत कार्य न कराए जाने से लोगों में रोष है।
बताते चले कि लोक निर्माण विभाग द्वारा तीन किमी लंबे खुरहट भटौली-अमारी मार्ग का निर्माण एक दशक पूर्व कराया गया था। लेकिन निर्माण कार्य कराए जाने के बाद एक बार भी मरम्मत कार्य न करने के चलते सड़क जगह जगह से न केवल उखड़ने लगी है। सड़क पर जगह जगह पर गड्ढे बन चुके है। इससे कासिमपुर, अमरहत, कसारी, अमारी, मठियाकोटवा सहित 20 गांवों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत रात के समय हो रही है, जहां आए दिन सड़क पर बने गड्ढों में फंसकर वाहन सवार चोटिल हो रहे है।
इस समस्या के संबंध में स्थानीय ग्रामीण कमलेश पाठक, नवीन उपाध्याय, अशोक, दुर्गेश यादव आदि ने बताया कि कई बार सड़क का निर्माण की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लिखित शिकायत दर्ज करा चुके है, बावजूद सड़क का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। लोगों ने चेताया कि शीघ्र सड़क का मरम्मत कार्य न करने पर मजबूरन लोगों को धरना प्रदर्शन को बाध्य होना पड़ेगा।