मऊ। नगर पालिका के पालिका कम्यूनिटी हाल में शनिवार को कार्यक्रम का आयोजन कर टैक्स बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को चुनाव अधिकारी शिवानंद चौबे ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे। इस दौरान संगठन के अध्यक्ष शब्बीर अहमद, उपाध्यक्ष पद के लिए ओमप्रकाश गुप्ता, महामंत्री शिवाजी सिंह, संयुक्तमंत्री प्रदीप सिंह और जावेद अख्तर, कोषाध्यक्ष सुबाषचंद यादव तथा आडिटर एजाज अहमद को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ वन मंत्री और पुलिस अधीक्षक ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दी प्रज्वलन कर किया। इस दौरान दारा सिंह चौहान ने कहा कि टैक्स बार के पुस्तकालय और बार कक्ष के लिए वो अपनी निधि से धन उपलब्ध कराएंगे। बार कौंसिल आफ उत्तर प्रदेश के सदस्य अमरेंद्रनाथ सिंह ने कहा कि अधिवक्ता समाज का दर्पण है। आज भी समाज में अधिवक्ताओं पर जितना लोगों का विश्वास है उतना किसी पर नहीं। उन्होंने युवा अधिवक्ताओं को स्टाइपेंड देने की मांग की। पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारयों को बधाई दी। बोले समाज के हर क्षेत्र में गिरावट आई है। फिरभी अधिवक्ताओं के प्रति जितना विश्वास समाज के लोगों में पहले था, वह आज भी बरकरार है। कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष भाजपा दुर्गविजय राय, नगरपालिका अध्यक्ष मुहम्मद तैय्यब पालकी, सेंट्रल बार के अध्यक्ष विरेंद्र बहादुर पाल, अरिजीत सिंह, डिस्ट्रिक्ट बार के अध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय, हरिद्वार राय, आदि लोग ने संबोधित किया।