तहसील क्षेत्र के मिर्जा जमालपुर ग्राम सभा के पंचायत भवन में बुधवार को ग्राम प्रधान मीरा यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ ग्राम स्वच्छ जिला योजना अभियान को लेकर चर्चा करने के साथ लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष विवेकानंद यादव ने कहा कि गांवो के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर पूरे प्रदेश के गांवों में स्वच्छ ग्राम स्वच्छ जिला कार्यक्रम चलाया जा रहा है। गांव में चल रहे साफ सफाई, शौचालय की स्थित को जांचने तथा रेटिंग देने के लिये बाहर से आई स्वतंत्र टीमें 1 से 31 अगस्त तक गांवो में भ्रमण करेगी। जहां गंदगी मिलने पर संबंधित ग्राम को सबसे कम रेटिंग जारी होगी, इसलिए ग्रामीणों को गांव को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
बीडीओ हरिबंश ने कहा कि ग्रामीण अपने गांव को शौच मुक्त, गंदगी मुक्त बनाकर प्रदेश में स्थान पाने का सुनहरा मौका है। सभी टीम के आने से पूर्व अपने गांव के सभी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, मातृ शिशु कल्याण केंद्र, पंचायत भवन, सामुदायिक केंद्र के परिसर के साथ शौचालय को साफ रखें। ताकि आपके गांव को बेहतर रैकिंग मिल सकें। कहा कि रैंकिंग अच्छी आने पर उस गांव को ‘बेस्ट गांव’ का अवार्ड दिया जाएगा।
बैठक में ब्लाक प्रधान संघ अध्यक्ष हरिकेश यादव, एडीओ विनोद सिंह, भीमराव प्रसाद, रामप्रवेश, डॉ. देवेंद्र यादव, उदयराज यादव, हरेंद्र यादव सहित अन्य मौजूद रहे।