दुबारी। मधुबन कोतवाली क्षेत्र के दुबारी ग्राम पंचायत के मोर्चा पार पुरवा में तीन लोगों ने खुद को बिजली विभाग द्वारा मीटर लगाने वाली कंपनी का कर्मचारी बताकर मीटर लगाने के नाम पर दो हजार रुपए लेकर फरार हो गए। अपने साथ हुई ठगी की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई है।
दुबारी ग्राम सभा के मोर्चा पार पुरवा में रविवार को तीन युवकों की एक टीम गांव में पहुंची। इन युवकों ने अपने को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए प्रत्येक घरों में बेनटेक कंपनी का मीटर लगाने की बात कही। इस दौरान युवकों ने ग्रामीणों को बताया कि मीटर लगाने के लिए हर उपभोक्ता से 100 रुपए का शुल्क लिए जाने का प्रावधन है। इसके बाद युवक दुबारा सोमवार को गांव में पहुंचे और मीटर लगाने के सर्वे करते हुए 20 घरों को चिह्नित करने का दिखावा करते हुए उनसे मीटर लगाने के नाम पर 100-100 रुपए ऐंठ लिए।
ठगी के शिकार हुए ग्रामीण अलाऊद्दीन, एहसान, उमर, सिंकदर और अब्बास ने बताया कि उनके द्वारा रुपए देने के बाद उनका नंबर भी लिया था। अपने साथ ठगी होने की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने फोन भी किया। रुपये लेने वालों रुपये वापस करने का भरोसा भी दिया। लेकिन दो दिन बीतने के बाद गांव में नहीं आए।
इस बावत बिजली विभाग के जेई अच्छेलाल का कहना है कि इस तरह का कोई प्रावधान विद्युत विभाग से नहीं है। न ही हमें इस तरह की कोई सूचना मिली है। उनका कहना है कि मीटर निशुल्क लगाया जा रहा है, रुपये मांगने वालों की सूचना पुलिस अथवा संबंधित विभागीय अधिकारी को जरूर दें।