बढुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अदरी मोड़ के पास मंगलवार की दोपहर एक बजे बाइक चालक को बचाने के चक्कर में डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे पेड़ से टकरा गई, दुर्घटना में डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को उपचार के लिए सदर अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया।
घोसी थाना क्षेत्र के मझवारा बाजार निवासी बबलू (35) मंगलवार को डीसीएम लेकर मऊ से लखनी के लिए जा रहा था। अभी वह अदरी मोड़ के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रहा एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में डीसीएम चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद लोगों ने 100 डायल को सूचना दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल भर्ती कराया।