मऊ। शहरी क्षेत्रों के आवास विहीन गरीबों को आवास उपलब्ध कराने की केंद्र सरकारी की महत्वाकांक्षी योजना की कवायद जिले में शुरू कर ली गई है। पहले सिर्फ छह नगर पंचायतों के पात्रों को इस योजना में शामिल किया गया था। लेकिन अब नगर पालिका मऊ के पात्रों को भी इसमें शामिल किया गया है। इस तरह से कुल छह निकायों के 3061 गरीबों को इस योजना के तहत पहली किस्त 50 हजार रुपये की धनराशि 17 फरवरी से वितरित करने की जाएगी। डूडा की तरफ से नियुक्त किए गए तकनीकी सहायकों और कंसल्टेंट के माध्यम से आवास निर्माण का कार्य कराया जाएगा।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित शहरी आवास योजना अब जिले में जल्द ही शुरू होने वाली है, इसके लिए डूडा की तरफ से सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी है। पहले इस योजना के तहत जिले के छह नगर पंचायतों का चयन किया यगया था। लेकिन बाद में नगर पालिका मऊ को भी इसमें शामिल किया गया। वर्ष 2015 में प्रधान मंत्री द्वारा शहरों और नगरों में रहने वाले गरीब और बेघर लोगों को आवास देने की योजना की घोषणा का क्रियान्वन जिले में अब शुरू हो चुका है। मऊ नगर पालिका समेत जनपद की छह नगर पंचायतों में गरीबों को मुफ्त आवास दिए जाने का सर्वे पूरा होने के बाद कुल 3061 लोगों को आवास देने की योजना है। इस क्रम में मऊ नगर पालिका में 1034 ,घोसी नगर पंचायत में 509, मुहम्मदाबाद गोहना नगर पंचायत में 449, कोपागंज नगर पंचायत में 453, अदरी में 265, अमिला नगर में 141 और दोहरीघाट नगर पंचायत में कुल 210 लोगों को आवास दिया जाना है। इस योजना के पात्रों को प्रति लाभार्थी 2 लाख 50 हजार रुपया दिया जाएगा। इसके लिए डूडा की देखरेख में प्रशिक्षित राजगीरों से इसका निर्माण कराया जाएगा।
परियोजना निदेशक डूडा हरेराम यादव ने बताया कि पहले चरण की धनराशि भेजने की कवायद पूरी की जा रही है। इसक्रम में अभी तक 351 पात्रों का विवरण वेबसाइड पर अपलोड भी कर दिया गया है। 17 फरवरी तक जितने पात्रों का विवरण अपलोड होगा, सभी के खाते में मकान बनवानें की पहली किस्त 50 हजार रुपया भेजी जाएगी। बोले शेष पात्रों के खातों में अपलोड होने के साथ ही धनराशि भेजने की कवायद जारी रहेगी। बोले जिले में 3061 लोगों के लिए घर बनाने की मंजूरी मिली है।