मऊ (ब्यूरो)। नगर के घासीपुरा में 8 लाख रुपयेे की लागत से नए नलकूप के बोरिंग कार्य का शिलान्यास बुधवार को नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अरशद जमाल ने किया। वार्ड नंबर 35 स्थित घासीपुरा में अधिष्ठापित होने वाले नये नलकूप के बोरिंग से लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसके चालू होने से घासीपुरा एवं आस पास के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल प्राप्त होगा।
गत दिनों 28 नलकूप लगाने का टेंडर हुआ है, जिसमें 20 लगाये जा चुके हैं। 4 जगहों पर बोरिंग कार्य एक साथ चल रहा है। खेदूपुरा में 25 एचपी का बड़ा नलकूप लग चुका है। जिसकी लागत 50 लाख रूपये है। इसके इलावा भदेसरा और खेदूपुरा में पाइप लाइन बिछाने पर 40 लाख रूपये अतिरिक्त खर्च होंगे। मालूम हो कि पिछले 40 वर्षों में कुल 60 नलकूप ही लगे, जबकि मात्र इस एक वर्ष में ही 28 नलकूप अधिष्ठापित हो चुके हैं। इस अवसर पर अरशद जमाल ने कहा कि हम शहर के विकास की गति को तीव्र करने में नितांत आवश्यक कदम उठा रहे हैं। रोड, पानी निकासी, जलापूर्ति, पथ प्रकाश एवं रास्ता मरम्मत व अन्य विकास एवं निर्माण सम्बन्धी कार्य कर हमने आवाम की समस्याओं को हल करने का काम किया है। जिससे इन्हें भारी राहत पहुंची है। श्री जमाल ने कहा कि लोगों को चाहिये कि नगर को विकसित एवं सर्वगुण संपन्न बनाने की हमारी मुहिम में हमारे कदम से कदम मिला कर चलें और अपने नगर को साफ सुथरा बनाने के लिये स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर की आवाम को उपलब्ध करायी जा रही 85000 हरी एवं नीली डस्टबिनों का सदुपयोग कर अपनी जागरुकता का परिचय दें। वार्ड सभासद जावेद अहमद ने लोगों से अपील करते हुये कहा कि हमारा नगर पहले की अपेक्षा अपनी उन्नति की प्रकाष्ठा पर है पर हमें यहां से विकास के अगले पड़ाव का सफर जारी रखना है। इस अवसर पर वार्ड सभासद जावेद अहमद, मोलवी रफीक अहमद, मोलवी मोजफ्फर अली, कारी शफी अहमद, मुहम्मद आजम जरी वाले, इस्लाम, शादिह कमाल, शमशेर अहमद, तैय्यब, दानिश, मुहम्मद हाशिम, सेराज अहमद, इम्तेयाज अहमद, मु0 नईम आदि के इलावा भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।