मऊ। अब निजी स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों से मनमाने तरीके से फीस वसूल करना आसान नहीं होगा। शासन के निर्देश पर स्कूल प्रबंधन को वेबसाइट पर निर्धारित फीस को अपलोड करना होगा। निरीक्षण में अपलोड फीस से अधिक वसूलने पर शिक्षा विभाग कार्रवाई करेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के समस्त विद्यालय प्रबंधन को पत्र जारी किया है।
जिले में आईसीएससई, सीबीएसई तथा यूपी बोर्ड से 350 से अधिक स्कूल संचालित हैं। विद्यालय प्रबंधन की तरफ से मनमाने फीस वसूले जाने से अभिभावकों की जेबें ढीली होने लगी है। अभिभावकों की शिकायत पर शिक्षा विभाग की तरफ से नकेल कसने की कवायद शुरू कर दी गई है। शासन के निर्देश पर कालेज प्रशासन पर शिक्षा सत्र शुरू होने के 60 दिन पूर्व ही विद्यालय की वेबसाइट पर निर्धारित फीस को अपलोड करना होगा। साथ ही सूचना पट्ट पर भी प्रकाशित करना होगा।