द्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को मधुबन, दोहरीघाट तथा खुरहट में छापेमारी की कार्रवाई किया। इस दौरान टीम ने दो डेयरी और मिष्ठान भंडार से नमूने लेकर सेम्पलिंग किया। खाद्य विभाग की टीम के द्वारा चलाए गए अभियान की जानकारी मिलने पर दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इस दौरान कई दुकानदारों ने दुकानों का शटर गिरा दिया, साथ की फरार हो गए।
इन दिनों वैवाहिक कार्यक्रम होने से मिठाई, दूध की खपत भी बढ़ गई है। जिसका फायदा उठाकर मिलावटखोरों द्वारा मिठाई, दूध आदि खाद्य पदार्थो में मिलावट की जा रही है। इससे लोगों को पूरे रुपये देने के बाद भी शुद्ध दूध नहीं मिल रहा है। इसके अलावा मिठाइयों में भी मिलावट के मामले सामने आ रहे हैं। इसकी शिकायत मिलने पर मंगलवार को जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी के निर्देश पर मुख्य खाद्य निरीक्षक आरके दीक्षित टीम के साथ सबसे पहले रानीपुर ब्लाक के खुरहट बाजार में पहुंचे। जहां फेरी दूध विक्रेता रामधारी यादव के पास रखा दूध चेक करने के साथ सैंपल लिए। इसी क्रम में टीम ने दोहरीघाट में फेरी दूूध विक्रेता अनिल मौर्या के यहां भी दूध का सैंपल लिया। इसके बाद टीम मधुबन बाजार के वार्ड न. 8 भोला रोड स्थित सुदर्शन मिठाई निर्माण ईकाई से 30 किलो रसगुल्ला जब्त करने के साथ रसगुल्ले का सैंपल लिया। मुख्य खाद्य निरीक्षक आरके दीक्षित ने बताया कि मिलावटखोरी की शिकायतें जहां-जहां से मिल रहीं हैं वहां-वहां कार्रवाई की जा रही है। सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। कार्रवाई में मोहम्मद नसीम खान, पंकज यादव, रामानंद, रामबदन सहित अन्य शामिल रहे।