रानीपुर क्षेत्र के अमारी गांव में कई लोगों में खसरे के लक्षण पाए जाने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने टीम भेजकर तत्काल मौके पर पहुंचकर लोगों का इलाज शुरू कर दिया। साथ ही लोगों को जागरुक किया।
अमारी गांव के कई लोगों में खसरे के लक्षण दिखाई देने पर आशा कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक मुख्यालय को सूचना दी। इसके बाद प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश गौतम, स्वाथ्य प्रर्वेक्षक जयश्री यादव, बीएसडब्लू मगल सेन, बीएमसी बीडी भारती ने पहुंचकर बच्चों समेत सभी की जांच की। 16 लोग इस रोग से ग्रसित पाए गए। उन्हें उचित परामर्श और जांच के साथ नि:शुल्क दवा दी गई। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि मौसम बदलने के साथ वायरल बीमारी का प्रकोप बढ़ जाता है। खसरा ‘वेरीसेला जोस्टर’ नामक वायरस के कारण फैलता है। इस विषाणु के शिकार लोगों के पूरे शरीर में फुंसियों जैसी लाल-लाल चक्तियां हो जाती हैं। इसका कोई विशेष टीकाकरण अभी तक मौजूद नहीं है।
इसके फैलने पर खसरे से ग्रसित व्यक्ति को आराम करने दें। उसे अन्य सदस्यों से दूर अलग साफ़-सुथरे कमरे में ठहराएं ताकि दूसरे लोग ग्रसित न हो सकें। ग्रसित व्यक्ति के बेड की चादर को साफ़ सुथरा रखें, हो सके तो रोजाना धुलें। साफ़ स्वच्छ धुले हुए कपडें ही पहनाएं। प्रशिक्षित चिकित्सक से ही सलाह व इलाज लें।