केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एनजीटी यानी नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की टीम शनिवार को नगर में आ रही है। टीम के सदस्य तमसा नदी, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट तथा ग्रीनलैंड पर अवैध निर्माण आदि बिंदुओं की जांच करेंगे। टीम के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन शुक्रवार को तमसा नदी किनारों की सफाई कराने में जुटा रहा। साथ ही नदी तट पर डंप कचरे को हटवाने के साथ सड़क पर अस्थाई अतिक्रमण को हटाने में की कवायद में लगा रहा।
एनजीटी और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम सेवानिवृत्त जज डीपी सिंह के नेतृत्व में आजमगढ़ जिले के निरीक्षण के बाद मऊ जिले में शनिवार को पहुंचेगी। टीम सुबह दस बजे से ढेकुलिया घाट से तमसा नदी के अस्तित्व की जांच करेगी, इसके अलावा नगर से निकलने वाले कचरें का डपिंग और निस्तारण व्यवस्था से लेकर ग्रीनलैंड क्षेत्रों में हुए अवैध निर्माणों की जांच कर सकती है। उधर शुक्रवार को टीम के निरीक्षण को देखते हुए नगर पालिका के सफाई निरीक्षकों के निगरानी में सफाई कर्मियों का एक बड़ा दल ढेकुलिया घाट से लेकर बम घाट तक साफ सफाई करने में लगा रहा। इस दौरान पालिका कर्मचारियों द्वारा तमसा नदी में सफाई करने के साथ सड़क पर दुकानदारों द्वारा किए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई।