लखनऊ से गोरखपुर होते हुए वाराणसी सिटी जंक्शन जाने वाली कृषक एक्सप्रेस गुरुवार को मऊ स्टेशन से ही वापस लखनऊ के लिए रवाना की गई। ऐसा सारनाथ-कादीपुर स्टेशन के बीच हो रहे रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के चलते किया गया। हालांकि रेलवे ने इसकी पूर्व सूचना यात्रियों को नहीं दी। नतीजा यह रहा कि यहीं से ट्रेन के लखनऊ रवाना होने की सूचना पर वाराणसी की ओर जाने वाले यात्रियों में अफरातफरी मच गई। जानकारी हुई तो लोगों ने वाराणसी जाने के लिए अन्य ट्रेनों का सहारा लिया।
गुरुवार को कृषक एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह 10.40 के बजाए 40 मिनट विलंब से स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही दुल्लहपुर, जखनिया, सादात, औड़ीहार, वाराणसी सिटी जाने वाले कई यात्री ट्रेन में चढ़ गए। ऐसे में रेलवे द्वारा सारनाथ-कादीपुर स्टेशन के मध्य रिंग रोड परियोजना के तहत बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण के चलते कृषक एक्सप्रेस के वाराणसी सिटी न जाने और यहीं से वापस लखनऊ रवाना होने की घोषणा की। इसके बाद यात्री ट्रेन से उतरे और दूसरी ट्रेनों का सहारा लिया। मधुबन के कोईरियापार के व्यापारी रमेश यादव ने बताया कि वह कृषक से ही वाराणसी सिटी आते जाते हैं। गुरुवार को भी वह ट्रेन पकड़ने घर से सुबह 8 बजे ही निकल गए। लेकिन स्टेशन आकर उन्हें ट्रेन के डायवर्ट होने की जानकारी मिली। घोसी के बड़ा बाजार निवासी नरेश कुमार, मुहम्मदाबाद के वलीदपुर निवासी राममिलन ने ट्रेन के डायवर्ट की जानकारी न होने पर परेशान होने की बात कही। इस बावत स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश कुमार का कहना है कि ट्रेन के डायवर्ट होने की जानकारी यात्रियों को दी जा रही थी।
इनसेट
28 मई तक डायवर्ट रहेगी ट्रेन
मऊ। स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश कुमार ने बताया कि सारनाथ-कादीपुर रेलवे स्टेशन के बीच निर्माण कार्य के चलते कृषक एक्सप्रेस 24 से 28 मई तक वाराणसी सिटी के बजाए मऊ से लखनऊ के लिए रवाना होगी। ट्रेन लखनऊ से सुबह 10.40 पर यहां पहुंचेगी और शाम 6.40 बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी।