रतनपुरा। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। बिजली, पेयजल, साफ सफाई सहित विभिन्न समस्याओं से लोगों को जूझना पड़ रहा है। स्टेशन से आधा दर्जन से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन एक मात्र उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव होता है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने रेल मंत्री को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
मऊ-बलिया रेल मार्ग स्थित रतनपुरा रेलवे स्टेशन से मऊ, बलिया, वाराणसी, मुंबई, दिल्ली सहित विभिन्न महानगरों की ओर यात्रा करते हैं, लेकिन यहां सुविधाओं का अभाव है। यहां लगभग आधा दर्जन से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरती हैं लेकिन एक मात्र उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन का ही ठहराव होता है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यहां मात्र एक टिकट खिड़की होने से लोगों को धक्कामुक्की करनी पड़ती है। प्रतीक्षालय का शेड जर्जर हाल में है। बरसात के दिनों में प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों का बुरा हाल रहता है। यात्रियों के लिए बने शौचालय में हमेशा ताला बंद रहता है। प्लेटफार्म काफी नीचे होने के चलते यात्री आए दिन चुटहिल होते रहते हैं। इस संबंध में क्षेत्र के एचएन पांडेय, सुनील कुमार, अरविंद गुप्ता, अमर चौरसिया, मोतीलाल, मोहन कुमार, संतू सिंह, अभयजीत कुमार, सुजीत कुमार, प्रमोद जायसवाल, आनंद खरवार का कहना है कि प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के बाद भी यहां बुनियादी सुविधाएं तक बहाल नहीं की जा सकी है। प्लेटफार्म नीचे होने से एक्सप्रेस ट्रेन में उतरने चढ़ने वाले यात्री चुटहिल होते रहते हैं। सुविधाओं को बहाल नहीं किया गया तो हम लोग चुप नहीं बैठेंगे।