मधुबन। विकास खंड में बिना मान्यता के संचालित 61 विद्यालयों पर कार्यवाई की तलवार लटक रही है ।शासन के निर्देश के बावजूद तय समय से विद्यालय बंद नहीं करने पर अब स्थानीय बीआरसी कार्यालय रिमाइंडर भेजने की कार्यवाई शुरू कर दिया है। इसके बाद भी अगर विद्यालय बंद नही किए गए तो इनके विरुद्घ कार्रवाई करने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
बता दें विकास खंड के 82 ग्राम सभाओं में कुल 141 प्राथमिक 47 उच्च प्राथमिक के अलावा 17 मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालित है। इसके अलावा क्षेत्र में दर्जनों ऐसे विद्यालय हैं जिनके पास मान्यता नहीं है, फिर भी अभिभावकों से ऊंची फीस लेकर विद्यालय संचालित हैं।अकेले मधुबन क्षेत्र में दयानंद बाल मंदिर,सनसाइन चिल्ड्रेन स्कूल,एपीजी मेमोरियल चिल्ड्रेन, सरस्वती ज्ञान मंदिर,बुद्ध ज्ञान विज्ञान शिएक्षण संस्थान सहित 15 विद्यालय स्थित है। इसी तरह दुबारी क्षेत्र में सरदार बल्लभ भाई पटेल शिक्षा संस्थान,सरस्वती ज्ञान मंदिर,जैबुन निशा मॉडर्न उच्च प्राथमिक विद्यालय सहित 06, मर्यादपुर क्षेत्र में आदर्श पब्लिक डुमरी,विद्या कुंज सेकेंडरी स्कूल,ज्ञानदीप,सरस्वती ज्ञान मंदिर, आदर्श शिक्षा संस्थान, शहीद भगत सिंह, ज्ञानदीप विद्यालय,नव जीवन शिक्षा संस्थान सहित 14 विद्यालय बिना मान्यता के विभाग ने चिह्नित किया है।
इसके अलावा नेवादा गोपालपुर में ओम साई पब्लिक स्कूल,डॉ भीमराव अम्बेडकर विद्यालय सहित पांच,गजियापुर में शांति शिक्षा निकेतन, सरस्वती ज्ञान मंदिर,सदाफल इंटर कालेज सहित पांच, कमलसागर में सदगुरू निखिलेश्वरानंद, उदय नारायण शिक्षा संस्थान, मां मर्यादी देवी, चंद्रमा स्मारक सहित पांच, केशोपुर सुलतानीपुर में रामसनेही उच्चतर माध्यमिक, मदरसा सालेहा खातून सहित चार, फतेहपुर में मदरसा राबिया मेमो परशुपुर में सरस्वती ज्ञान मंदिर, हरियांव में बुद्ध बिहार उच्च प्राथमिक, रामसुभग यादव समेत तीन मीरपुर दरियाबाद में एसएसबी पब्लिक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं।इन विद्यालयों की मान्यता नही है लेकिन ये आदेशों की अनदेखी करके संचालित किए जा रहे हैं। इनकी सूची विभाग के पास है, और वह अब इन सभी 61 विद्यालयों को रिमाइंडर भेज रहा है।
बता दें प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को जुलाई 2017 से बंद करने का फैसला लिया है। लेकिन नोटिस के बाद भी ये विद्यालय संचालित है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी गोपाल शरण मिश्र ने बताया कि शासन के निर्देश के मुताबिक सभी गैर मान्यता प्राप्त संचालित विद्यालयों को एक बार नोटिस दे दी गई है, और मान्यता संबंधी दस्तावेज मांगे गए हैं। लेकिन किसी भी विद्यालय ने अभी तक कागज पेश नहीं किया है। ऐसे में इन विद्यलयों को रिमाइंडर भेजा जा रहा है। इसके बाद भी विद्यालय बंद नहीं हुए तो शासन को कार्यवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।