फतेहपुर मंडाव ब्लॉक में सरयू नदी की कटान से प्रभावित बेघर 13 बाढ़ पीड़ितों को ग्राम प्रशासन के सहयोग से जमीन का आवंटन किया गया। सभी बाढ़ पीड़ित बीते आठ माह से दुबारी स्थित एक स्कूल में रह रहे थे।
क्षेत्र के धर्मपुर बिशनपुर स्थित बिन टोलियां में सरयू नदी की कटान से बेघर हो चुके पीड़ितों को दुबारी धुस ग्राम पंचायत में आवंटित भूमि पर एसडीएम राजेश अग्रवाल ने प्रशासन के साथ कब्जा दिलाया।
शनिवार को 13 परिवारों को लगभग 325 कड़ी गाटा संख्या 2411 भूमि जो बंजर थी उसको तहसील प्रशासन ने आवंटित किया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। पिछले वर्ष आयी बाढ़ के दौरान यह 13 बाढ़ पीड़ित परिवारों का घर सरयू नदी धारा में विलीन हो गए थे।
जिसके बाद जिला प्रशासन की ओर से इन परिवारों को अस्थाई रूप से दुबारी जनता स्कूल में शरण दी गई थी। एसडीएम राजेश अग्रवाल और क्षेत्राधिकारी अंजनी पांडेय के साथ भारी पुलिस बल के साथ राजस्व कर्मियों ने भूमि का चयन कर कटान पीड़ितों को कब्जा दिलाया।
एसडीएम राजेश अग्रवाल ने बताया कि शीघ्र इन्हें पात्रता के आधार पर मुख्यमंत्री आवास योजना से भी लाभान्वित कराया जाएगा।