उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। नारेबाजी के बीच चेतावनी भी दी कि यदि मांगे पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
जनपदीय अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों की मांगों को पूरा करने के बजाय लटकाया जा रहा। कहा कि एनपीएस कटौती को अपडेट किया जाए। मृतक आश्रितों को तत्काल कार्यभार ग्रहण कराने, महंगाई बकाए का अवशेष का भुगतान किया जाए। 4200 से 4600 के भुगतान की वापसी के साथ ही समय से वेतन भुगतान किया जाए। कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। कहा कि कार्यालय में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। समस्याओं के प्रति विभागीय अधिकारी संवेदनहीन हैं।
शिक्षक नेता राजेंद्र सिंह ने कहा कि विभाग की तरफ से तीन मृतक आश्रितों की नियुक्ति की गई है, लेकिन कार्यभार ग्रहण नहीं किए हैं। प्रबंधक विभागीय आदेश का माखौल उड़ा रहे हैं। धरने को राजनाथ सिंह, कृष्णानंद सिंह, राकेश सिंह, जितेंद्र राय, धनंजय सिंह, रविप्रकाश यादव, यागेंद्र सिंह, राघवेंद्र सिंह, अखिलेश सिंह, जयराम यादव, जयप्रकाश सिंह, विक्रमादित्य चौहान आदि ने संबोधित किया। धरने में जयनारायण पांडेय, मानवेंद्र प्रताप सिंह, अशोक पांडेय, राजेश सिंह, रामविजय यादव, दीनानाथ तिवारी आदि शामिल रहे। संचालन जिला मंत्री रामलखन यादव ने किया।