मऊ। जिले के सभी पार्टियों की सर्वदलीय गोष्ठी गुरुवार को हिंदी भवन के सभागार में हुई। इसमें 19 अक्तूबर को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव तथा लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी राष्ट्रकुंवर सिंह को अपराधी द्वारा आठ लाख रुपया रंगदारी मांगने तथा बम से गाड़ी सहित उड़ा देने की धमकी की निंदा की गई। साथ ही समुचित कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस नेता राष्ट्रकुंवर सिंह द्वारा अपराधी द्वारा रंगदारी मांगने की घटना की तहरीर देने के छह दिन बाद भी अभी तक पुलिस प्रशासन लापरवाह बना है। जिला प्रशासन मूकदर्शक बना रहा तो बड़ा आंदोलन होगा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सबसे पहले प्रशासन धमकी देने वाले को तत्काल गिरफ्तार करे। राष्ट्रकुंवर सिंह को सुरक्षा दे। मामले को लेकर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल 26 को डीएम तथा एसपी से मिलेगा।
गोष्ठी को सपा जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव, लोकदल के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, नगर पालिकाध्यक्ष तैयब पालकी, पूर्व प्रमुख विजयशंकर यादव, लोकदल प्रदेश सचिव देवप्रकाश राय, रामाश्रय राय, राकेश सिंह, रितेश कुमार श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। अध्यक्षता पूर्व विधायक इम्तियाज अहमद तथा संचालन नंदकिशोर सिंह ने किया।