पुरानी पेंशन बहाली सहित विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ चेतनारायण गुट के के तत्वावधान में शिक्षकों ने गुरुवार को मशाल जुलूस निकाला। साथ ही मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह तथा मंत्री राघवेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में निकला मशाल जुलूस जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परिसर से शुरू होकर कलेक्ट्रेट परिसर जाकर समाप्त हो गया। शिक्षक नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। शिक्षकों का कहना था कि पुरानी पेंशन योजना बहाल किया जाए। समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। नई पेंशन योजना को वापस किया जाए। वित्तविहीन शिक्षकों की सेवाओं का प्रमाणन एवं उन्हें कमसेकम पांच अंकों में मानदेय दिया जाए। पद के सापेक्ष नियुक्त कोषागार पूरा वेतन प्राप्त कर रहे अद्यतन कार्यरत तदर्थ शिक्षकों को विनियमित किया जाए।व्यवसायिक कंप्यूटर शिक्षकों को पूर्ण शिक्षक का दर्जा दिया जाए। राज्य कर्मचारियों की भांति माध्यमिक शिक्षकों, कर्मचारियों को भी मेडिक्लेम की सुविधा से आच्छादित किया जाए।अंत में मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।इस अवसर पर भारी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी शामिल रहे।