रतनपुुरा (मऊ)। हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सोमवार की आधी रात को महिला मरीज के परिजन और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक से किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हुई। घटना के बाद पीड़ित डाक्टर ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें चार लोगों को नामजद करते हुए 10 अज्ञात लोगों को आरोपित किया है। पुलिस ने मामले को संबंधित धाराओं में दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के सिधवल गांव के कुछ लोग सोमवार की आधी रात को महिला की तबियत खराब होने पर उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर श्रीनिवास खुल्लम जांच करने के बाद मरीज का उपचार कर रहा था, इसीबीच परिवार के कुछ सदस्यों ने डाक्टर से महिला को उल्टी कराने के लिए दवा देने की बात कही। इस पर डॉक्टर नाराज हो गया। बोले डॉक्टर हम है, एडवाइज आप करेंगे। इसी बात को लेकर पीड़ित परिवारीजन का डाक्टर से कहासुनी हो गई, बात बढ़ने पर मरीज के परिजन और डाक्टर के बीच मारपीट हो गई। इस घटना के बाद परिवार के सदस्य मरीज को लेकर वापस चले गए। जबकि डॉक्टर ने इसकी सूचना सीएचसी के अधीक्षक डॉ. हंसराज सोनी को दी। साथ ही थाने पहुंचकर राजेश कुमार, बृजेश सिंह, सुनील कुमार और पवन सिंह सहित दस अज्ञात के विरुद्ध हलधरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।