मऊ। होली के त्योहार के चलते बाजारों में भीड़ बढ़ गई। सोमवार को शहर के सभी बाजारों में ग्राहकों की आमद बढ़ गई। बाजारों में रंग की दुकान हो या फिर कपड़ों की प्रत्येक दुकान पर खरीदारों की भीड़ दिखाई दी। वहीं रंग, अबीर, गुलाल की भी दुकानें मुहल्लों में सजी दिखाई दी। बाजार में भीड़ के कारण शहर की सड़कों पर जाम लग गया। पूरे दिन शहर भर में जाम की स्थिति बनी रही।
शहर के आजमगढ़ मोड़, रोडवेज, भीटी, सदर चौक, सिंधी बाजार आदि बाजारों ग्राहकों ने जमकर खरीददारी की। दुकानों पर दिन भर भीड़ रही। इससे दुकानदारों ने जमकर चांदी काटी। सबसे अधिक भीड़ रेडीमेड कपड़ों की दुकानों पर दिखाई दी। वहीं नगर के शॉपिंग मॉलों में त्यौहारी सीजन के चलते ऑफरों की धूम के चलते यहां भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दिखी। बाजारों में दिन भर ग्राहकों की धूम रही। कपड़ों की दुकानों के अलावा अबीर, गुलाल और रंग की दुकानों पर भी काफी संख्या में ग्राहक देखे गए। बाजारों में सजी रंगों की दुकानों पर टंगी विभिन्न प्रकार की पिचकारियां लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं गुलाल और रंग की जमकर बिक्री हुई। वहीं विभिन्न प्रकार की टोपियां और हैट आकर्षण का केंद्र रहे।
बाजारों में भूतिया मुखौटे की भी जमकर बिक्री हुई। बाजारों में भीड़ के चलते आजमगढ़ मोड़, रोडवेज बाजार, बालनिकेतन तिराहा, भीटी चौक, गाजीपुर तिराहा, मिर्जाहादीपुरा और राष्ट्रीय राज्यमार्ग 29 पर रूक रूककर जाम लगता रहा। भीड़ के चलते दिन भर पूरा शहर रेंगता हुआ दिखाई दिया। शहर में जाम की स्थिति से उबारने के लिए गाजीपुर तिराहा समेत अन्य स्थानों पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था, लेकिन पुलिस कर्मी भी जाम के झाम से मुक्ति नहीं दिला सके। रोडवेज के आसपास भी दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
इनसेट
बैंकों पर भी उमड़ी भीड़
मऊ होली के त्योहार पर बैंकों में जमकर भीड़ जुटी। शहर के यूनियन बैंक की शाखा, स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, समेत देहात क्षेत्रों के बैंकों में ग्राहक रुपये निकालने के लिए दिन भर लाइन में खड़े जूझते रहे। ऐसे में ग्राहकों को दिक्कतों को सामना करना पड़ा। बैंकों में भीड़ होने के कारण कर्मचारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं कई एटीएम ने भी नोट उगलने बंद कर दिए। इससे लोगों को खासी दिक्कतें हुईं।