दुबारी। क्षेत्र के गजियापुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक का शनिवार को सर्वर डाउन होने से खाताधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंककर्मियों तथा खाताधारकों में नोकझोंक होती रही। घंटों लाइन में खड़े होने के बाद भी काफी संख्या में खाताधारकों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
पंजाब नेशनल बैंक में सुबह से ही सर्वर डाउन रहने से खाताधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खाताधारकों के अनुसार रबी सीजन में बुआई का कार्य चल रहा है। पैसे की सख्त जरूरत है। लेकिन घंटों लाइन में खड़े होने के बाद भी बैरंग लौटना पड़ा। इस संबंध में क्षेत्र के रामनक्षत्र सिंह, कृष्णा, केके शुक्ला, जयप्रकाश, सुरेश, प्रशांत शुक्ल, संजय शुक्ल का कहना था कि रबी सीजन में पैसे की सख्त जरूरत है, लेकिन सुबह से ही बैंक में सर्वर डाउन रहा। इसके चलते दो घंटे लाइन में लगने के बाद भी पैसा नहीं मिला। इसी क्रम में नंदू गौड़, बालेश्वर राजभर का कहना है कि अस्पताल में इलाज कराने के लिए पैसे की जरूरत थी, लेकिन खाते में पैसा होने के बाद भी नहीं मिला। ब्याज पर पैसा लेकर काम चलाना पड़ा। समस्या का समाधान अविलंब नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। इस बाबत पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक रामा शंकर राम का कहना है कि सर्वर डाउन होने के चलते समस्या आ रही है। शीघ्र ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।