वलीदपुर। डाक विभाग में काम करने के लिए सिस्टम पर नया साफ्टवेयर तो अपलोड कर दिया गया, लेकिन उचित तरीके से कर्मचारियों को इसका प्रशिक्षण नहीं दिया गया। इससे डाक कर्मचारियों को नए सिस्टम पर काम करने में काफी समस्या हो रही है। इसका खामियाजा ग्राहकों को उठाना पड़ रहा है।
डाक विभाग के कर्मचारी अभी तक ‘मेघदूत मिलेनियम’ सॉफ्टवेयर पर काम कर रहे थे। लेकिन विभाग ने इस साफ्टवेयर को बदल कर नया साफ्टवेयर सीएसआई (कोर सिस्टम इंटरग्रेटर) को अपलोड कर दिया। लेकिन कर्मचारियों को नए साफ्टवेयर का प्रशिक्षण नहीं दिया गया। इसका परिणाम है कि कर्मचरियों को नई तकनीक की जानकारी नहीं है। इसके चलते डाक विभाग में रजिस्ट्री (रजिस्टर्ड पोस्ट) व स्पीड पोस्ट के काउंटर पर लंबी लाइनें लग रही हैं। अधिकतर डाकघरों में लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। कुछ डाकघरों में तो यह सॉफ्टवेयर इंस्टाल तो कर दिया गया, लेकिन अभी वह पूरी तरह काम नहीं कर पा रहा है। मजबूरी में उप डाकघर में जाने वाले लोग भी मौजूदा समय में बड़े डाकघर जा रहे हैं। उप डाकघर वलीदपुर समेत विभिन्न डाकघरों में कई दिनों से सॉफ्टवेयर के बदलने के चलते लेनदेन प्रभावित है। बुधवार को डाक अधीक्षक आजमगढ़ बाल्मीकि आर्य ने वलीदपुर उप डाकघर में पहुंचकर विभिन्न समस्याओं के संबंध में प्रभारी रंजीत कुमार से जानकारी प्राप्त की। मुहम्मदाबाद गोहना चौक स्थित उप डाकपाल उमाशंकर का कहना है कि सॉफ्टवेयर के बदले जाने से यह समस्या उत्पन्न हो रही है।जल्द ही इसे सही करा दिया जाएगा।