पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए गैर जनपदों को जाने वाले अभ्यर्थियों द्वारा रविवार देर शाम को कृषक एक्सप्रेस ट्रेन की एसी कोच में की गई तोड़फोड़ के मामले में जीआरपी ने 70 उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जीआरपी उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है। मऊ तथा इंदारा में हुई घटनाओं से सबक लेते हुए रेलवे,जीआरपी तथा सिविल पुलिस की ओर से मंगलवार को चुस्त दुरुस्त व्यवस्था की गई थी।
मंगलवार को कृषक एक्सप्रेस ट्रेन, उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन और प्रमुख शहरों की ओर जाने वाली सवारी गाड़ियों के आने जाने के समय काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती गई थी। पुलिस की सतर्कता से कोई बवाल नहीं हुआ। गाजीपुर बनारस आजमगढ, जौनपुर इलाहाबाद, बलिया और गोरखपुर , बस्ती, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, सिद्धार्थनगर सहित अन्य जनपदों से परीक्षा देकर लौट रहे परीक्षार्थियों को मऊ पहुंचने में काफी रात हो गई। इन्हें अपने नजदीकी स्थानों पर जाने के लिए वाहन नहीं मिल रहे थे। अपर पुलिस अधीक्षक एस के श्रीवास्तव ने इन अभ्यर्थियों को गंतव्य तक भेजवाने में देर रात तक मदद करते रहे। उधर एआरटीओ अवधेश भी भीटी से लेकर गाजीपुर तिराहे तक चक्रमण करते हुए रात में अभ्यर्थियों को वाहन मुहैया कराते रहे। इधर मऊ रेलवे स्टेशन पर दक्षिण टोला थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पीएसी और सिविल पुलिस के जवानों को लगाया गया था। जबकि आरपीएफ इंसंपेक्टर राघवेंद्र शर्मा अपने 12 आरपीएफ जवानों के साथ मुस्तैद रहे।
उधर, इंदारा में भी कोपागंज थाने की पुलिस के जवानों के साथ आरपीएफ और जीआरपी के जवानों की तैनाती की गई थी। ट्रेनों के आने जाने के समय पुलिस बल काफी सतर्कता बरतते रहे। वैसे मंगलवार की शाम को भी बसों और ट्रेनों में भारी भीड़ रही।