कोपागंज(मऊ)। कोपागंज क्षेत्र के कोपा कोहना गांव में शनिवार को उपजिलाधिकारी कुमार हर्ष पुलिस बल के साथ पहुंचे। जहां गांव की रामलीला कमेटी द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण रोकने पर जानकारी लेकर इसे शुरू कराने का निर्देश दिया।
बताते चलें कि कोपा कोहना पंचायत के थाने परिसर के पीछे शासकीय स्कूल के पास खाली जमीन पर आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण कराया जा रहा था। जहां गांव की रामलीला कमेटी ने निर्माण कार्य अपनी जमीन पर होने की बात कहकर रुकवा दिया था। जमीन के निरीक्षण में राजस्व अधिकारियों और पुलिस के साथ पहुंचे उपजिलाधिकारी सदर कुमार हर्ष ने मौके का निरीक्षण किया और अभिलेखों को भी देखा। इसके बाद ग्राम प्रधान बुधिराम को कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। इस मौके रामलीला कमेटी के सदस्य डॉ. अजयकुमार यादव, भोला सिंह, राजन गुप्ता, राजस्व निरीक्षक देवेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।