मधुबन। स्थानीय क्षेत्र के स्थित दरगाह कस्बे में यूनिटी अकादमी के प्रांगण में नवजीवन अस्पताल की ओर से दो दिवसीय राज्यस्तरीय वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इसमें खेले गए मुकाबलों में गोरखपुर ने कोल्हापुर और देवरिया स्टेडियम ने एनईआर घोसी और गोरखपुर स्टेडियम ने फतहपुर ताल नरजा को पराजित किया। जबकि रायबरेली ने यूनिटी एकेडमी को हराकर दूसरे चरण में स्थान बनाया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सूबे के वन मंत्री दारासिंह चौहान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर दारा सिंह चौहान ने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इसे भाईचारे के रूप में देखा जाना चाहिए। साथ ही क्षेत्र के विकास और बच्चों युवाओं के लिए खेल का मैदान भी आवश्यक है जिसके लिए हम प्रयास करेंगे। उन्होंने क्षेत्र के विकास से सम्बंधित के घोषणाएं भी की।पहला मैच कोल्हापुर आजमगढ़ और गोरखपुर स्टेडियम के बीच हुआ। गोरखपुर स्टेडियम की टीम ने कोल्हापुर को 15-13,10-15 और 15- 11 से हराकर दूसरे चक्र में प्रवेश लिया। प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला देवरिया स्टेडियम और एनईआर घोसी के बीच हुआ जिसमें दूसरे राउंड में ही देवरिया स्टेडियम ने घोसी को 15-7और 15-10 से हराकर मैच अपने नाम कर लिया। तीसरा मुकाबला गोरखपुर स्टेडियम और फतहपुर ताल नरजा के बीच हुआ।इस तीसरे मुकाबले में गोरखपुर स्टेडियम ने फतहपुर ताल नरजा को 15-7 और 15-8 अंकों से हराकर अपनी जगह बनाई। चौथे और अंतिम दौर में साई हास्टल रायबरेली और यूनिटी एकेडमी के बीच हुआ।जिसमें रायबरेली ने यूनिटी एकेडमी को 15-7और 15-6 से हराकर दूसरे राउंड में जगह बनाया। इस अवसर पर नवजीवन अस्पताल के डा.संजय वर्मा, ग्राम प्रधान प्रशांत गुप्ता, आयोजक नूर आलम, रोहित गुप्ता, इश्तेयाक, अशफाक आलम, सीताराम यादव, विकास मल्ल, प्रमोद मिश्र सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। संचालन एडवोकेट अनिल मिश्र ने किया।