शहर कोतवाली के कादीपुरा निवासी मोहम्मद सैफ की शिकायत व कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम चार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि लखनऊ की ट्रेवेल्स एजेंसी के मालिक ने रूस भेजने के नाम पर 50 हजार रुपये ठग लिए।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार जून 2025 में कुछ युवक उससे मिले और लखनऊ स्थित ट्रेवेल्स एजेंसी के बारे में बताया कि कई युवकों को अच्छे वेतन पर रूस भेज चुकी है।
बालागंज स्थित क्लासिक टावर में पहुंचा तो वहां युवतियों ने बोला कि 26 अक्तूबर 2025 को कंपनी के हेड घर जाएंगे और फार्म भरेंगे।
26 अक्तूबर की सुबह 9:30 बजे डारेन ट्रेवेल्स का प्रोपराइटर अब्दुल्लाह खान घर तीन अन्य युवकों के साथ पहुंचा। फॉर्म भरने के बाद 50 हजार रुपये मांगे, लेकिन नहीं होने से 15 हजार रुपये नगद दिया और 35 हजार रुपये ऑनलाइन भेज दिया।
दूसरी किश्त में 65 हजार रुपये लिए और एक माह के अंदर वीजा आने की बात कही। फिर वीजा का 50 हजार रुपये देना होगा। एक माह बीतने पर फोन करने पर तीन माह के अंदर वीजा आने की बात कही गई। तीन माह बीतने के बाद फोन उठाना बंद कर दिए। पूछताछ में पता चला कि बेरोजगार युवकों को विदेश भेजने के नाम पर ठगते हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।