मऊ। रानीपुर थाना क्षेत्र के सिरियापुर देईमाई के स्थान पर सप्ताह में दो दिन मंगलवार और रविवार को लगने वाले मेले में चेन स्नेचरों का गिरोह सक्रिय हो गया है। पिछले एक माह में आधा दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन पुलिस मौन हैं। रविवार को भी दो महिलाओं का चेन स्नेचरों ने मंगलसूत्र और चेन गायब कर दिया। शक के आधार पर दो महिलाओं को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के सिरियापुर देई माई के स्थान पर प्रत्येक रविवार और मंगलवार को मेला लगता है। यहां पर नवविवाहित जोड़ों के साथ ही पूर्वांचल के कोने-कोने से लोग पूजने आते हैं। इनके स्थान पर हलवा-पूड़ी, पियरी और कढ़ाई चढ़ाई जाती है। पिछले कुछ समय से यहां पर सुरक्षा की व्यवस्था ठीक न होने से श्रद्धालुओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। रविवार को भटौली गांव निवासी कंचन पत्नी गौरव एवं रिंकू पत्नी लक्ष्मण के गले से मंगलसूत्र और सोने की चेन किसी ने उड़ा दी। महिलाओं का जब जानकारी हुई तो वह रोने बिलखने लगीं। शक के आधार पर वहां पर घूम रही दो महिलाओं को पकड़ा गया। पुलिस बुलाकर उन्हें उनके सुपुर्द कर दिया गया। दोनों महिलाओं ने पुलिस को इस संबंध में तहरीर दी है। क्षेत्र के शिक्षक अजीत राय, रमेश पाठक, जयराम पांडेय, दिनेश यादव, हंसराज चौहान, महेंद्र कुमार, विजय नरायन आदि लोगों ने मंदिर में सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की है।