कोपागंज (ब्यूरो)। सरकारी मशीनरी से निराश ग्रामीणों ने श्रमदान से माध्यम से रास्ता निर्माण का संकल्प लिया। काफी संख्या में ग्रामीण फावड़े और टोकरियां लेकर सार्वजनिक रास्ते पर मिट्टी डालने का काम शुुरु कर दिया। प्रकरण विकास खंड कोपागंज अंतर्गत कोपा कोहना ग्राम पंचायत का है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने बस्ती के एक मात्र रास्ते का निर्माण श्रमदान से करना प्रारम्भ कर दिया। बस्तीवासियों की पीड़ा थी कि रास्ते की पैमाईश के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि संवेदनशनहीन बने रहे।
स्थानीय ब्लॉक अंतर्गत कोपा कोहना ग्राम सभामें रेलवे स्टेशन के पूर्व नई बस्ती में आवागमन के लिए एक मात्र रास्ता काफी तरह टूट फूट गया है। इस रास्ते पर अगल बगल के किसानों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया था। ग्रामीणों के काफी प्रयास के बाद एसडीएम सदर के आदेश पर उसकी पैमाईश कराकर निशानदेही कर दी गयी। निशानदेही करने के बावजूद ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद भी इस पर मिट्टी नहीं डाली जा सकी।
सरकारी मिशनरी की अपेक्षा से आहत ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि अब वे खुद ही इस रास्ते के निर्माण के लिए आगे आएंगे। शुक्रवार की सुबह काफी संख्या में ग्रामीणों ने हाथ में फावड़े और टोकरियां उठा लिया। बस्तीवासियों ने श्रमदान करते हुए रास्ते पर मिट्टी डालने का कार्य प्रारम्भ कर दिया। श्रमदान में रामानंद ,प्रवीण चौरसिया ,मुन्ना ,सुरेश प्रजापति ,रामचंद्र ,नितीश नारायण राय ,गुड्डू ,राजेश्वर ,उमेश आदि शामिल रहे।