मऊ। उपजिलाधिकारी सदर डा. अंकुर लाठर ने गुरुवार को तीन निजी और दो प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। दो निजी स्कूल बेसमेंट और टीनशेड में संचालित होते मिले, जबकि सरकारी स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति ना के बराबर थी। जबकि पंजीकरण मनमाना था। मानक के अनुरूप स्कूल संचालित होते न मिलने पर एसडीएम ने तीनों विद्यालयों के मान्यता की जांच कर रिपोर्ट बीएसए से तलाब किया।
गुरुवार की दोपहर एक बजे के करीब सदर एसडीएम डॉ. अंकुर लाठर निजी स्कूलों के मानकों की जांच के लिए अभियान चलाते हुए तीन निजी स्कूलों का निरीक्षण किया। जहां सबसे पहले एसडीएम ब्रम्हस्थान स्थित सेंट जांस स्कूल पहुंची। जहां स्कूल मानकों के अनुरूप संचालित होता नहीं पाया गया। स्कूल में कक्ष मानक विहीन, निजी प्रकाशनों की किताबें, अप्रशिक्षित शिक्षक काम कर रहे थे। एसडीएम कुछ ही दूर पर संचालित स्प्रिंग डेल स्कूल का मुआयना करने पहुंची, जहां स्कूल उन्हें दुकान के बेसमेंट में संचालित मिला।
वहीं, पुरानी तहसील स्थित टीएस पब्लिक स्कूल टीनशेड में संचालित होता मिला। एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधकों से मान्यता आदि के कागजात उपलब्ध कराया। मान्यता आदि के दस्तावेज उपलब्ध होने पर एसडीएम ने उन्हे बीएसए को वेरीफिकेशन कर रिपोर्ट देने के लिए भेजा।
इस बाबत एसडीएम डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि जांच में तीनों स्कूल मानक के अनुसार संचालित होते नहीं मिले, स्कूलों की मान्यता की जांच के लिए दस्तावेज बीएसए को भेजा गया है। बीएसए की रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, ब्रम्हस्थान स्थित प्राथमिक विद्यालय और शिक्षा विभाग कॉलोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में छात्रों की उपस्थिति कम मिली। एसडीएम ने इसकी रिपोर्ट भी तलब किया है।