मऊ। आरटीआई कार्यकर्ता बाल गोविंद की हत्या का खुलासा में जैसे जैसे देर हो रही राजनैतिक और सामाजिक संगठन मुखर होकर आवाज बुलंद करने लगें है। इसक्रम में शुक्रवार को गांव बचाओं मोर्चा के साथ-साथ विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने डीएम के माध्यम से सीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें आरटीआई कार्यकर्ता की हत्या का खुलासा कर दोषियों के विरूद्घ कड़ी कार्रवाई करने के साथ सीओ नगर को तत्काल हटाकर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग किया।
गांव बचाओ मोर्चा के महासचिव छोटेलाल गांधी ने सौंपे गए ज्ञापन में मांग किया बाल गोविंद सिंह की हत्या में शामिल दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चत की जाए। परिवार को पचास लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। आरटीआई कार्यकर्ता के पुत्र श्रीराम सिंह को सरकारी नौकरी, आरोपी शैलेंद्र यादव के भाई संजय के फर्जी सार्टिफेट के मामले की विवेचक उपनिरीक्षक द्वारा दी गई रिपोर्ट को तलब कर दोषियों के विरूद्घ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाए। सीओ आलोक कुमार जायसवाल की संदिग्ध भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए आदि मांगें शामिल है। इसीक्रम में विश्व हिंदू महासंघ के आशुतोष कुमार सिंह ने शुक्रवार को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि घटना के तीसरे दिन भी भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने से पुलिस की नाकामयाबी उजागर हुई है। उन्होंने दोषी पुलिस कर्मचारियों के विरूद्घ कार्रवाई कर उन्हे तत्काल हटाने की मांग किया। बोले विश्व हिंदू महासंघ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लामबंद होगा। जिसकी सूचना विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस घटना की जानकारी दी जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान दोनों संगठनों के सदस्य और पदाधिकारी मौजूद थे।