मऊ। हनुमत कृपा सेवा समिति के तत्वावधान में श्रद्धालुओं ने रविवार को शोभा यात्रा निकाली। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। श्री हनुमान जी की शोभा यात्रा संस्कृत पाठशाला से गाजे बाजे के साथ निकलकर सदर चौक, रौजा सिंधी कालोनी होते हुए बालनिकेतन, सहादतपुरा मां दुर्गा के दरबार होते हुए मुंशीपुरा दक्षिणेश्वर मंदिर तक गई।
रौजा के कैलाशपुरी मंदिर पर कैलाश जायसवाल तथा बालनिकेतन पर श्याम मद्धेशिया, विशुन बरनवाल तथा सहादतपुरा में श्रद्धालुओं ने प्रभु की आरती उतारी। साथ ही जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया। राष्ट्रीय दुर्गा पूजा समिति के तरफ से शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को जलपान कराया। साथ ही मुंशीपुरा दक्षिणेश्वर मंदिर पर प्रसाद वितरण किया गया। भारी संख्या में आए भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य किया। पूरे रास्ते भक्त सुंदरकांड का पाठ तथा भजन करते हुए चल रहे थे। इस मौके पर श्री हनुमत कृपा सेवा समिति के प्रमुख कमलेश महराज ने कहा कि जाति धर्म तथा संप्रदाय से अलग मानवता को जीवन में अपनाना चाहिए। यह सभी जगत के लोगों द्वारा मिलता है। भवसागर में सभी एक ही रूप में आते हैं। श्रीरामजी से राम-राम का अभिवादन श्री हनुमान जी महाराज के माध्यम से ही संभव है। कहा कि कोई भी धर्म अथवा मजहब आपसी विद्वेष तथा राग की शिक्षा नहीं देता। इस अवसर पर अजय गुप्ता, रवि कुमार, धर्मराज मौर्य, जयकृष्ण उपाध्याय, अर्जुन राजभर, दीप गुप्त, मनीष कुमार, महातम यादव आदि शामिल रहे।