रतनपुरा। जिला सहकारी कर्मियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से विकासखंड में मौजूद सभी 11 समितियों पर ताला लटका है। इस दौरान किसान खाद बीज के लिए धान बेचने के लिए मारे मारे फिर रहे हैं। यदि शासन- प्रशासन ने हस्तक्षेप कर कर्मचारियों के इस हड़ताल को समाप्त नहीं कराया तो किसानों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
रवि की बुआई का सीजन शुरु हो गया है, इस दौरान किसान अपने धान की पैदावार को बेचकर खाद और बीज का जुगाड़ करने में जुटें हैं। लेकिन सहकारी समिति पर कामकाज न होने से किसान हताश और निराश हैं। क्योंकि किसान इन्ही समितियों से खेत की बुआई के लिए खाद और बीज लेते हैं। लेकिन इस समय समितियों पर ताला लगा है। ऐसे में किसान काफी परेशान है। कि आखिर वह इस परिवेश में करें तो क्या करें? क्षेत्र के किसान जगदीश सिंह, राम प्रकाश सिंह, बबन सिंह, संतोष सिंह, संतु प्रमोद कुमार यादव, सुरेंद्र यादव ,अभिमन्यु यादव, भूराराम राज, विजय सिंह, उमाशंकर सिंह, सोमेश्वर राम, राम आसरे राजभर सहित अन्य ने कहा कि कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने इस समस्या के प्रति जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।