घोसी। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित एक मदरसे में मंगलवार की शाम को वहां पढ़ने वाली बच्चियों से मिलने अभिभावक पहुंचे। तब उन्हें गेट कीपर ने मिलने नहीं दिया। इस पर अभिभावकों ने हंगामा किया। इस बीच किसी ने बच्चियों के साथ छेड़खानी की अफवाह फैला दी। तब नाराज भीड़ ने बंद गेट पर पत्थर फेंके। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रबंधक को बुलवाया। तब सच्चाई पता चली। इस दौरान फेसबुक पर छेड़खानी की अफवाह फैलाने वाले युवक को हिरासत में लिया गया है।
सीओ के अनुसार कोतवाली क्षेत्र में मदरसा में कक्षा चार की छात्रा से मिलने उसके पिता मंगलवार को बलिया जिले से आए थे। मदरसे के गेट कीपर ने शुक्रवार को मुलाकात का दिन बताकर अभिभावकों को बच्चियों से मिलने से इंकार कर दिया। इस बीच बच्चियों से छेड़छाड़ की अफवाह फैल गई। इस दौरान लोगों की भीड़ मदरसा गेट पर जमा हो गई। भीड़ ने गेट पर पत्थर आदि फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान अंदर मौजूद बच्चे रोने लगे। घटना की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार सर्वेश सिंह के साथ कोतवाली प्रभारी परमानंद मिश्र मौके पर मय फोर्स पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया। मौके पर पहुंचे प्रबंधक ने गेट खुलवाया। साथ ही अंदर जाने पर पूरा मामला स्पष्ट हुआ। इसके बाद भीड़ वापस लौट गई। सीओ घोसी अनिल कुमार ने बताया कि अफवाह फैलाने वाले युवक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार मदरसा प्रबंधक कमेटी को लेकर वहां उठापटक चलती है। इसके चलते दूसरे पक्ष के लोगों ने यह हरकत की है।