खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में वर्ष 2018-19 में सूचीबद्ध खेलों में प्रवेश हेतु 12 वर्ष से कम एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक बालिकाओं का जिला स्तरीय ट्रायल्स डा. भीम राव स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया है। उक्त आशय की जानकारी मंगलवार को जिला क्रीड़ा अधिकारी अरुण सिनहा ने ने दी। उन्होंने बताया कि बालक वर्ग 12 वर्ष का जिमनास्टिक, तैराकी का ट्रायल जिला स्तर पर 15 फरवरी एवं मंडल स्तर पर 23 फरवरी को होगा, जबकि बालिका वर्ग का ट्रायल 16 को जिला स्तर पर एवं 24 को मंडल स्तर पर होगा। 15 वर्ष बालक वर्ग कुश्ती एवं हाकी का ट्रायल जिला स्तर पर 15 फरवरी को मंडल स्तर पर 23 फरवरी को होगा। इसी क्रम में बालिका वर्ग का ट्रायल जिला स्तर पर 16 एवं मंडल स्तर पर 24 फरवरी को होगा। बालक वर्ग 15 वर्ष वालीबाल, फुटबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस का ट्रायल जिला स्तर पर 17 एवं मंडल स्तर पर 23 एवं 25 फरवरी को होगा।
इसी क्रम में बालिका वर्ग का ट्रायल जिला स्तर पर 18 एवं मंडल स्तर पर 26 फरवरी को होगा। 15 वर्ष बालक वर्ग के कबड्डी, बास्केट बाल, तीरंदाजी, क्रिकेट के खिलाड़ियों का ट्रायल जिला स्तर पर 19 फरवरी को एवं मंडल स्तर पर क्रिकेट के खिलाड़ियों का ट्रायल 27 को, जबकि शेष का 25 फरवरी को ट्रायल होगा। बालिका वर्ग में कबड्डी, बास्केट बाल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, हैंडबाल के खिलाड़ियों का ट्रायल जिला स्तर पर 20 फरवरी को एवं मंडल स्तर पर 26 फरवरी को होगा।