मऊ। जिले में धान की खरीद के लिए 34 क्रय केंद्रों का निर्धारण किया गया है। इनमें पीसीएफ क्रय केंद्रों की संख्या छह , डीसीएफ का क्रय केंद्र एक तथा साधन सहकारी समितियों के 27 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। यह जानकारी सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता शिवजी यादव ने दी है।
उन्होंने बताया है कि पूर्वांचल में एक नवंबर 2017 से 28 फरवरी 2018 तक धान की खरीद का तिथि तय की गई है। धान खरीद में प्रभावी पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण के लिए कड़े निर्देश भी दिए गए हैं। जनपद के विकास खंड में कार्यरत सहायक विकास अधिकारी अपने विकास खंड में स्थापित धान क्रय केंद्रों में से कम से कम पांच केंद्रों का प्रतिदिन निरीक्षण करेंगे। जबकि अपर जिला सहकारी अधिकारी प्रतिदिन अपने तहसील के कम से कम पांच क्रय केंद्रों का निरीक्षण करेगें एवं निरीक्षण आख्या सहायक आयुक्त सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक कार्यालय को ई-मेल के माध्यम से प्रेषित करेगें। सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता ने बताया कि आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता उप्र लखनऊ के निर्देशानुसार क्रय केंद्रों पर पीओएस मशीन, कृषकों का रजिस्ट्रेशन, नमी मापक यंत्र, छन्ना, कांटा बाट, विनोइंग फैन, वारदाना तथा पर्याप्त मात्रा में धनराशि पीसीएफ एवं संबंधित मंडी परिषद द्वारा तत्काल क्रय केन्द्रों पर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने बताया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2017-18 के लिए शासन द्वारा सामान्य धान का समर्थन मूल्य 1550 रुपये प्रति कुंतल एवं ग्रेड ए धान का मूल्य 1590 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है।