मुहम्मदाबाद गोहना। यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखकर सालों पहले यहां दो नंबर प्लेटफार्म बनाने का काम शुरू हुआ लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते यह प्रोजेक्ट सालों से अधर में है। प्लेटफार्म न होने से यात्रियों को आवामगन में काफी असुविधा हो रही है। लोगों का कहना है कि एक साल से भी अधिक समय से बन रहा रेलवे प्लेटफार्म का कार्य पूरा हो भी गया तो भी इसका लाभ यात्रियों को नहीं मिल पाएगा। कारण यह है कि अभी तक प्लेटफार्म से सटकर बनने वाली तीसरी रेल लाइन का काम शुरू नहीं हो पाया है।
मुहम्म्दाबाद गोहना रेलवे स्टेशन पर एक और प्लेटफार्म बनाए जाने की योजना पर कार्य शुरू हुए एक साल से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हो सका है। लगभग 630 मीटर लंबे इस प्लेटफार्म पर अभी तक मिट्टी समतल किए जाने का कार्य ही चल रहा है। बता दें कि बलिया शाहगंज रेल मार्ग पर आमदनी के हिसाब से मुहम्मदाबाद गोहना अग्रिम स्टेशनों में शुमार है। बावजूद इसके यहां पर यात्री सुविधा का अभाव है। यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए दो साल पहले एक अतिरिक्त प्लेटफार्म की मंजूरी मिली, लेकिन योजना पर कार्य शुरू होने के एक साल बाद भी अभी तक प्लेटफार्म निर्माण का कार्य अधूरा है। सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को होती है जिनको उतरने व चढ़ने को लेकर दूसरे प्लेटफार्म पर रूकने वाली ट्रेन का इस्तेमाल करना पड़ता है। अभी समस्या यह भी है कि अगर प्लेटफार्म तैयार भी हो जाएगा तो इससे सटकर बिछाई जाने वाली तीसरी लाइन का कार्य पूरा किए गए बगैर यात्रियों को इसका कोई लाभ नहीं मिल सकेगा। इस बाबत स्टेशन अधीक्षक आरआर विद्यार्थी का कहना है कि प्लेटफार्म निर्माण का दो तिहाई काम पूरा हो गया है। शेष बचे कार्य को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।