मऊ। सीएए विरोध प्रदर्शन के दौरान नगर के मिर्जाहादीपुरा चौराहे पर हुई हिंसा में शामिल लोगों में से 22 उपद्रवियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही करने के बाद पुलिस ने वांछित लोगों पर 25-25 हजार का ईनाम घोषित किया था। इसमें से 11 ईनामी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि उपद्रव के तीन मुकदमों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा। इसमें शहर कोतवाली और दक्षिण टोला थानों की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25-25 हजार के 11 ईनामी आरोपियों को पकड़ा।
इसमें दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा निवासी आसिफ चंदन, भरहू का पूरा निवासी मुनव्वर मुर्गा, मदनपुरा निवासी अनीस, भिखारीपुर मुहल्ला निवासी आमिर होंडा, कोतवाली के काजी दामूपूरा निवासी खुर्शीद कमाल, इशहाक, राजाराम का पूरा मुहल्ला निवासी आमिर, क्यारीटोला निवासी शाकिर लारी, जैद, प्रेमाराय का पूरा निवासी खालिद लच्छीपूरा निवासी फैजान को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है।
एसपी ने बताया कि 16 दिसंबर 2019 को शहर मिर्जाहदीपुरा चौराहा पर हिंसक सीएए विरोध प्रदर्शन के प्रकरण में 22 मुख्य उपद्रवियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही दक्षिण टोला थाने की पुलिस ने की है। कहा कि गैंगस्टर एक्ट विरुद्ध गैंग लीडर एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष आसिफ चंदन, पीस पार्टी जिलाध्यक्ष मुनव्वर मुर्गा सहित 20 अन्य आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया। इनमें से अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
वहीं मधुबन थाने की पुलिस ने चेकिंग के दौरान कटघरा शंकर से गैंगेस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार के ईनामी बिसुनपुर गांव निवासी महेन्द्र को उसके पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसका चालान कर दिया।