शासन के निर्देशों पर कृषि विभाग के अधिकारियों ने जिले के तीन ब्लाकों में 18 उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों पर छापेमारी की। वहीं कई दुकानदार तो अपनी दुकानों को बंद कर भाग गए। इस दौरान 18 दुकानों पर छापेमार कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान 12 नमूने लिए गए।
जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ परदहा, रतनपुरा और कोपागंज ब्लाक के 18 उर्वरक विक्रेताओं के यहां छापेमारी की। इस दौरान मौजूद स्टॉक का निरीक्षण किया। वहीं, किसानों को उनकी फसल के लिए दिए जा रहे खाद, जिंक, माइकोन्यूट्रिएट की गुणवत्ता की जांच की। लाइसेंस के अनुरूप विक्रेता द्वारा क्या-क्या उर्वरक बेचे जा रहे है। इसका भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। उर्वरक पदार्थों की गुणवत्ता पर संदेह मिलने पर 12 दुकानों से उनके नमूने भी लिए गए। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने जिंक, डीएपी आदि उर्वरक पदार्थों का नमूने लिए और जांच के लिए लैब भेज दिए गए है।