मऊ। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्यों को समय से पूर्ण कराने की कवायद तेज हो गई है। शासन की तरफ से 1300 लाभार्थियों के खाते में प्रथम किश्त 50-50 हजार की धनराशि भेज दी गई है। शुक्रवार को देर शाम मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में वीडियो कांफ्रेसिंग से योजना की समीक्षा की। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों तथा लाभार्थियों से बातचीत की। साथ ही कंप्यूटर से एक क्लिक के माध्यम से लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेजी गई।
लाभार्थियों को प्रथम किश्त में 50 हजार, द्वितीय किश्त में 1.50 लाख और तीसरी किश्त में 50 हजार धनराशि दिया जाता है। शहरी क्षेत्रों के लिए 5299 लाभार्थियों को आवास की स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसमें 299 लाभार्थियों को प्रथम किश्त की 50 हजार की धनराशि पहले ही भेजी जा चुकी है। शुक्रवार को 1300 लाभार्थियों के खाते में प्रथम किश्त की धनराशि खाते में भेजी गई। डूडा के शहर मिशन प्रबंधक आनंद प्रकाश मौर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री ने लखनऊ से एक कंप्यूटर क्लिक के माध्यम से लाभार्थियों के खाते में प्रथम किश्त की धनराशि भेज दी गई है। 299 लाभार्थियों को पहले ही प्रथम किश्त की धनराशि भेजी जा चुकी है। शीघ्र ही शासन की मंशा के अनुरूप स्वीकृत आवासों का निर्माण पूरा करा लिया जाएगा। वीडियो कांफ्रेसिंग के दौरान जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु, पीओ डूडा एमपी सिंह, शहर मिशन प्रबंधक आनंद प्रकाश मौर्य आदि शामिल रहे।