रतनपुरा (मऊ)। स्थानीय ब्लाक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सफाई कर्मियों की उदासीनता से जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा हुआ है। जाम नालियों की सफाई न होने से संपर्क मार्गों पर गंदा पानी बहता रहता है। इससे लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं।
रतनपुरा ब्लाक में 186 राजस्व गांव में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने के लिए 204 सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। क्षेत्र के बड़ा गांव मुस्तफाबाद मेउडी से हबरपुर अइलख जोगापुर नगमा रतनपुरा विसुकिया में गंदगी से स्थिति बदतर हो गई है। ग्रामीणों की माने तो अधिकांश गांवों में सफाई कर्मियों के लंबे समय से दर्शन ही नहीं हो रहे हैं। जबकि सफाई कर्मी विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से बिना काम के ही वेतन उठा रहे हैं। इस बाबत युवा मोर्चा के हंसराज ने बताया कि लगातार दो महीने से इसकी शिकायत ब्लॉक पर एडीओ पंचायत से कर रहा हूं। लेकिन कोई लाभ नहीं हैं। सार्वजनिक नालियों के जाम होने से गंदा पानी जगह-जगह जमा होने से आना जाना मुश्किल हो गया है। मच्छर जनित बीमारियों से लोग परेशान हो रहे हैं। क्षेत्र के रामप्रकाश सिंह, सुनील कुमार, संतोष सिंह, विवेक कुमार, पीएन सिंह, विजय यादव सचिन पांडेय राम अवध का कहना है कि सार्वजनिक नालियां बजबजा रही हैं। सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएंगे। इस बाबत एडीओ पंचायत श्रीकांत मिश्रा का कहना है कि उनके पास दो ब्लॉक का चार्ज है। एक ब्लाक में तीन और दूसरे ब्लाक में तीन दिन रहना पड़ रहा है। शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।