मऊ। घोसी ब्लाक के कटिहारी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रागंण में पंतजलि योग समिति के तत्वावधान में जारी पांच दिवसीय योग शिविर के दूसरे दिन शनिवार को योगाचार्य बृजमोहन ने छात्रों और ग्रामीणों को योग का अभ्यास कराया।
योगाचार्य बृजमोहन ने शिविर के दूसरे दिन योगसाधकों को कपालभाति, अनुलोम, विलोम सहित कई आसनों का अभ्यास कराते हुए बताया कि योग उछल कूद, कसरत, शरीर का अभ्यास नहीं है। अपितु योग शरीर, मन और आत्मा का समन्वय है। योग के प्रति पूर्ण निष्ठा, पूर्ण विश्वास, पूर्ण समर्पण और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। इसके अभाव में योग कभी पूर्ण नहीं हो सकता। योग के नियमित अभ्यास से मधुमेह, हृदय रोग, सोराइसिस, एग्जीमा, किडनी की समस्या, थायराइड जैसे अनेक गंभीर बीमारियों का इलाज किया जा सकता है। शिविर में स्कूल प्रधानाचार्य अरविंद कुमार आर्य, ग्राम प्रधान संतोष शाही, कुबेर दुबे, विनोद यादव, विवेक राय, मुंशी आदि मौजूद रहे।