हलधलपुर। रतनपुरा ब्लाक क्षेत्र के अइलख स्थित बीएसएनएल का दूर संचार उपकेंद्र शो पीस बन कर रह गया है। उपकेंद्र में लगी मशीन और उपकरण जर्जर हाल में हो गए हैं। बिजली गुल होते ही नेटवर्क गायब हो जाता है। जनरेटर की व्यवस्था तो है, लेकिन कागज पर ही ज्यादा चलता है। नेटवर्क न मिलने से मोबाइल खिलौना बन कर रह गया है। परेशान लोगों ने बीएसएनएल के आला अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया बावजूद मामले को लटका दिया गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. कलपनाथ राय ने एक दशक पूर्व बीएसएनएल दूरसंचार उपकेंद्र की स्थापना कराया तो लोगों को बेहतर सुविधा की आस जगी। विभागीय अधिकारियों के उचित देखरेख के अभाव में स्थिति बद से बदतर होता गया। एक्सचेंज की स्थापना के समय लैंड लाइन कनेक्शन की संख्या 400 थी लेकिन सुविधा न मिलने पर अब यह संख्या 40 तक पहुंच गई है। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के चरमरा गई है। ऐसे मेें बिजली गुल होते ही नेटवर्क गायब हो जाता है। दूरसंचार का जनरेटर खराब रह रहा है, लेकिन कागज पर सब कुल ओके दिखाया जा रहा है। नेटवर्क गायब होने के चलते मोबाइल खिलौनों बन कर रह गया है। इस बाबत बीएसएनएल के एसडीओ कमलाकांत यादव का कहना है कि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने का प्रयास जारी है। शीघ्र ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।