मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के तुलसीपुर कुढ़वा गांव में गाड़ी का हार्न बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते असलहा भी निकल गया। सूचना मिलने पर मौके पर 100 नंबर के पुलिसकर्मी पहुंचे। पुलिस आपस में भिड़े दोनों पक्षों के युवकों को हिरासत में ले ली।
क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी अखिलेश यादव निकटवर्ती गांव तुलसीपुर कुढ़वा जा रहा था। इस दौरान गाडी़ का हार्न बजाने को लेकर गांव के एक अन्य युवक से विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों तरफ से अन्य कई लोग आमने सामने आ गए। इस दौरान एक पक्ष से तमंचा निकाल कर फायर का प्रयास किया गया। लेकिन लोगों ने बीच बचाव कर मामले को संभाल लिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 100 नम्बर के पुलिसकर्मियों ने विवाद कर रहे लोगो में से दो युवको को हिरासत में लिया है।