मथुरा। सदर बाजार इलाके के एक निजी अस्पताल में सोमवार को एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इसके चलते स्टाफ अस्पताल छोड़कर भाग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर मामला शांत करवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पंकज (36) पुत्र रमेश चंद निवासी आयरा खेड़ा, राया को शनिवार रात घर के बाहर एक सांड ने चारपाई सहित पटक दिया था। घायल पंकज को परिवार वालों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया , जहां सोमवार सुबह 10 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया, उसके बाद तबीयत बिगड़ गई। वहीं अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म हो गई थी। कई बार डॉक्टर से इसकी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इसके बाद पंकज की मौत हो गई। अस्पताल में हंगामा होने की सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों को आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर की लापरवाही सामने आती है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी। इस पर परिजन शांत हो गए। पंकज तीन बच्चों का पिता व पेशे से किसान था। सीओ सिटी अभिषेक तिवारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।