मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र स्थित जयसिंहपुर में सोमवार की रात की सामाजिक तत्व ने शनिदेव के मंदिर में विराजमान शनिदेव के विग्रह को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी जानकारी मंगलवार की सुबह हिंदूवादी नेताओं को हुई, तो उनमें रोष व्याप्त हो गया। थोड़ी देर में बड़ी संख्या में हिंदूवादी मंदिर पहुंच गए। इससे पूर्व पुलिस ने रात को ही खंडित मूर्ति को ले जाते हुए युवक को पकड़ लिया।
थाना क्षेत्र के मेथोडिस्ट हॉस्पिटल के मुख्य द्वार पर बने प्राचीन शनिदेव महाराज के मंदिर में सोमवार की रात एक युवक घुस गया। युवक ने मंदिर में विराजमान शनिदेव की मूर्ति को खंडित कर दिया और उसे लेकर अपने साथ चलने लगा। युवक मूर्ति ले जाने में सफल होता इससे पहले ही गश्त कर रही पुलिस की नजर उसे पर पड़ी। संदिग्ध हालत में युवक को देख पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ की तो वह हड़बड़ा गया। तलाशी लेने पर उससे शनिदेव की खंडित मूर्ति बरामद हुई। पुलिस आरोपी और खंडित मूर्ति को लेकर थाने आ गई।
मंगलवार की सुबह इसकी सूचना हिंदूवादी संगठन को हुई तो मंदिर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंच गए। हिंदूवादी नेताओं में मूर्ति को खंडित करने को लेकर काफी रोष था। बिरला मंदिर चौकी इंचार्ज ने उन्हें बताया कि जिस युवक ने मूर्ति को खंडित किया है वह नशे में था। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मौके पर पहुंचे आक्रोशित हिंदुओं को आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। तब वह शांत हुए।
गोरक्षा विभाग संगठन मंत्री हेमंत कुमार शर्मा ने बताया कि असामाजिक तत्व लगातार हिंदू देवी देवताओं के विग्रह को खंड़ित कर रहे हैं। इससे हिंदुओं की भावना आहत हो रही हैं। इधर गोविंद नगर थाना प्रभारी देवपाल पुंडीर ने बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर है। उससे शनिदेव के विग्रह को बरामद कर लिया है, विग्रह को मंदिर में स्थापित कराया जाएगा।